Followers

Tuesday, October 27, 2026

खिरसू की नशीली फिजाएं (Wonderful Off Beat Destination – Khirsu – Uttrakhand)

 

     


13 सितंबर 2026

दो रात पीकॉक होम स्टे में ठहरने के बाद सफर के आखिरी दिन तक कहीं और जाने का मन नहीं हो रहा था। परंतु आगे की व्यवस्था पहले ही बड़े भाई (मदन मोहन लोहिया) ने कर रखी थी सो हम निकल पड़े अगले पड़ाव के लिए यानि बहुत खूबसूरत मशहूर ऑफ बीट पहाड़ी स्टेशन खिरसू के लिए। तोलियों से खिरसू के बीच लगभग 5 किलोमीटर का रास्ता खूबसूरत और मदहोश करने वाला है – कोई शोर शराबा नहीं , पक्षियों की चहचहाहट, मोर पंख जैसे चीड़ के पेड़, बादलों की सवारी। इस बार हमारा आश्रय था – गढ़वाल मण्डल विकास निगम का गेस्ट/ रेस्ट हाउस , खिरसू (GMVN Guest House – Khirsu) जहाँ आप ऑनलाइन बुकिंग करके आसानी से पहुँच सकते हैं ।  (फोटो नीचे देखें)

सामान वगैरह प्रथम तल के अपने कमरे में रख कर, कुर्सियाँ बालकोनी में बाहर निकालकर  हम आराम फरमाने लगे। बाहर का नजारा मदहोश करने वाला था , फिजाओं में मंत्रमुग्ध करने वाला जादू (फोटो नीचे देखें )। खिरसू एक छोटा सा कस्बा है। सादा खाना गेस्ट हाउस में ही खाकर, मौसम का लुत्फ लेते हुए हम सब विश्राम करने लगे।  

शाम को पैदल थोड़ा बाहर आकर FRH (Forest Rest House Khirsu) के पास एक छोटी सी दुकान में चाय पकोड़ियों का सभी ने आनंद लिया। साथ में ही वन मनोरंजन केंद्र है जहाँ पैदल वॉक के लिए ट्रैक बना हुआ है। इसमें देवदार, चीड़, बुरांश, नाशपाती, पौपलस, काफल आदि के पेड़ हैं, झूले भी हैं और सुंदर छोटे और बड़े पक्षी भी देखने को मिलते हैं । पार्क में एक तरफ पुराना रेस्ट हाउस, टॉइलेट जनाना, मर्दाना, छोटा दरवाजा आदि हैं, जो अभी रहन सहन की दशा में नहीं था, जिसे देखकर लगा शायद यहाँ पहले कोई फॉरेस्ट ऑफिसर भी रहते होगें तथा यह भी लगा कि पहले जंगल यहाँ तक रहा होगा, सिमटते जंगल और बढ़ती आबादी । शाम ढले पार्क से सूर्यास्त का नजारा मनोहारी था।  

इसके बाद हम पास में ही पैदल आ गए घंडियाल देवता के मंदिर जो कि महाभारत के भीम के पौत्र बर्बरीक से संबंधित है जिनका मंदिर खाटू श्याम (राजस्थान) में है और उन्हीं का दूसरा रूप घंडीयाल देवता एवं भूमियाल है और इन्हें यहाँ पूजा जाता है। (फोटो नीचे देखें)। मंदिर से पहले एक विशाल खूबसूरत स्टेडियम निर्माणाधीन है (फोटो नीचे देखें)।


रात्रि में गेस्ट हाउस में ही सात्विक भोजन किया। बाहर खुले में कुर्सियों पर सब गुफ्तगू करने लगे, अचानक थोड़ी देर बाद लाइट चली गई और कोई व्यवस्था बिजली की नजर नहीं आई। जैसे ही नजरें आकाश की तरफ गई तो मन विस्मित हो गया, चारों तरफ तारों से भरा आसमान, बचपन में जैसे रात को सोते हुए  रॉकेट चलते हुए देखते थे – कोई रॉकेट/ सेटेलाइट चलता हुआ यहाँ भी दिख गया, सप्तऋषि तारामण्डल भी चंचल मन और आँखों को दिखाई दे गया, कितनी असीम शांति लेता हुआ गगन और विशाल पहाड़ आपको स्थिरता देते हुये, शहरों की भीड़ भाड़ से दूर गहन खामोशी – आपके मन तक आती हुई।

14.09.2026

सुबह जल्दी उठने की आदत शुरू से है, पौ फटने का समय था, गेस्ट हाउस की छत पर जाकर सामने का नजारा देखा तो अद्भुत था सामने गंगोत्री समूह की बर्फीली चौखंबा, जनहुकूट, स्वचहन्ड की चोटियाँ/पहाड़ियाँ – नीचे से उठते हुये सफेद रेशम के गोले से बादल, अपने आगोश में विशाल पहाड़ों को लेने की कोशिश करते हुए, सर्दियों के आने से पहले की आहट दबे पाँव मन और शरीर में समाती हुई, सूरज अपने सुनहरे रंगों को मुस्कराकर नीले पटल पर भरता हुआ, नभ के बादल छतरी की तरह धरा को छाया देते हुए, बयार में एक हसीन सम्मोहन, एक नशा, किसी को जवानी का नशा, किसी को पैसे का नशा, किसी को हुस्न का नशा, किसी को दारू का नशा, लेकिन प्रकृति का यह समाँ, यह नशा सबसे जुदा, सबसे खूबसूरत – सूरज की लालिमा ललाट पर लगाए हुए पहाड़ियों का श्वेत श्याम शृंगार , खिरसू की इन वादियों में ही आप यह महसूस कर पाएंगे । (फोटो और विडिओ नीचे देखें)  

गेस्ट हाउस के बराबर से नीचे कोटी गाँव की तरफ एक सड़क जा रही है जो ट्रेकिंग के लिए भी बहुत सुंदर है एक तरफ पानी का स्रोत है और दूसरी तरफ खुला चीड़,ओक, देवदार के पेड़ों का जंगल और साथ में  पहाड़ों का नजारा, ढलान पर पैर नीचे जाते हुये जैसे पहाड़ों से पत्थर नीचे आते हैं । 

हम अपना नाश्ता बनाने का सामान लेकर चल पड़े। जिसमें बड़े भाई की एक किट में गैस स्टोव, उसका सिलेंडर, बर्तन शामिल थे, साथ में सुरेन्द्र भईया ने मेगी के पैकेट, उपमा के डिब्बे, भुट्टे ले लिए। रास्ते में थोड़ा नीचे उतरकर एक बहुत बड़े पत्थर को नीले गगन के नीचे ओपन किचन का स्लैब बनाया गया जिस पर छोटे पत्थरों की मदद से गैस स्टोव को सीधा टिकाया गया और जलाया गया। पहले भुट्टे सेके गए, उसके बाद मेगी बनाई गई, और उसके बाद उपमा और चाय। शायद इसे ही कहते है पहाड़ों वाली मेगी , नाश्ते का अल्टिमेट मजा आ गया। (फोटो और विडिओ नीचे देखें)।


खिरसू के ऑफ बीट गेस्ट हाउस से प्रकृति का नजारा बेहद हसीन है, वहाँ लगी पेंटिंग और संदेश आपको आमंत्रित करते हैं, पहनावा, संस्कार, रहन सहन गहरी जड़ों से जुड़े हुये, नृत्य में आज भी शांति, सरलता और सुगमता, इस संस्कृति को बचाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी पर (फोटो नीचे देखें)।  

वहाँ से हम चल दिए अपने सफर के आखिरी पड़ाव पर वादियों में घूमते हए और मस्तानी हवा का आनंद लेते हुए, धूप छाँव के पहाड़ देखते हुये, बीच बीच में छोटे छोटे गाँव, चीड़ और ओक के जंगल, गढ़वाल का यह इलाका और रास्ता बहुत कम शोर शराबा और भीड़ भाड़ के साथ है जो आपको दिलखुश तन्हाइयाँ अपने मन से बात करने के लिए देगा (फोटो नीचे देखें)

रास्ते में हमने माँ ज्वालपा देवी के दर्शन किए जो नयार नदी के तट पर स्थित है और जहाँ माँ पार्वती ने ज्वाला ज्योति स्वरूप में दर्शन दिए। पंडित शानू  अन्थवाल जी ने बताया कि मंदिर की पूजा उनके दादा परदादा करते रहे है और मंदिर में शिला पर विराजमान शिव पार्वती के परिवार की पूजा की जाती है। (फोटो नीचे देखें)। मंदिर के साथ साथ नयार नदी बह रही है, उसमें  पैर डालकर बैठने का मजा कुछ और है, कल कल बहती नदी, सामने पहाड़ियाँ, ठंडा जल माँ के दरबार में आपको आत्मिक और आध्यात्मिक शांति देता हुआ। ऊपर सड़क पर आकर, चाय, पकोड़ियाँ और लाजवाब हरी चटनी का स्वाद लिया।

यहाँ से नयार नदी आपके साथ साथ सतपुली तक चलती है जो सफर के रोमांच को बढ़ा देती है, सतपुली में पूर्वी नयार नदी और पश्चिमी नयार नदी मिल जाती है। यहाँ पर समोसे, स्थानीय मिठाईयां अच्छी मिलती हैं। यह इलाका थोड़ा व्यस्त था। यहाँ से निकल कर चले तो सड़क के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, पहाड़ों को काटकर पहाड़ों की किले की तरह की चारदीवारी की जा रही है जिसे देखकर मुझे बड़े बड़े राजा महाराजों के किलों की याद आ गई जिन्हें आज भी हम राजाओं के नाम से याद करते हैं। लेकिन सिरों पर पत्थर उठाकर चलने वालों और इन्हें बनाने वालों का कोई अता पता ही नहीं है, खुशी खुशी बनाने वाले इन मजदूरों को देखकर मन ऐसा ही कुछ कहने और सोचने लगा।

गुमखाल से एक सड़क सीधे कोटद्वार को चली जाती है लेकिन हम बाईं तरफ मुड़ गए लेंसडाउन के लिए जोकि लगभग 14 किलोमीटर के आसपास है। थोड़ी देर बाद ही चीड़/ ओक के बहुत ऊंचे ऊंचे पेड़ों का जंगल जिनकी ऊंचाई औसत से कहीं अधिक लगभग 90/100 फीट से ऊपर, दूसरे पहाड़ों से एकदम अलग, ताजी हवा का एहसास, यह केंटोनमेंट एरिया है इसका आभास आपको बहुत जल्दी हो जाता है, इतनी साफ सुथरी सड़कें आपको भारत के बाहर होने का भ्रम पैदा करेंगी, रवींद्र भैया ने गाड़ी चर्च के पास एक तरफ रोक दी। शांत वीराना - इलाके को और मनमोहक बना रहा था। 


लेंसडाउन का इतिहास कहते है 1887 में इसकी स्थापना एक केंटोनमेंट(छावनी) के रूप में हुई थी, तब इसे गढ़वाली भाषा में कालूडांडा कहते थे, 1890 में तत्कालीन वाइसरॉय के नाम पर इसका नाम लेंसडाउन रखा गया। आज भी यहाँ गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट का मुख्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र है।

उसके बाद पास में ही हम पैदल चल दिए लेंसडाउन के मशहूर केफे - लेंसडाउन ट्रिप ट्रैवल  केफे (Lansdown Trip Tavel café)जहाँ उन्होंने प्राचीन वस्तुओं का आधुनिकता के साथ अनोखा संगम कर रखा है, कुर्सियों, सोफ़ा आदि पर कई गणमान्य हस्तियों के नाम लिखे हैं, एक जोश , एक जुनून और कुछ कर गुजरने की ख्वाहिश का दीदार है यह केफे, नीचे / सामने का नजारा केफे से बहुत खूबसूरत है वहाँ हमने पिज्जा, सूप लिया। (फोटो नीचे देखें)

थोड़ा सा ऊपर चल कर हम चल दिए खूबसूरत टिप इन टॉप के लिए जहाँ से लेंस डाउन का नजारा बहुत खूबसूरत है, पेड़ों पर लिपटी हुई लतायें, जंगली वनस्पतियाँ एक दिलकश नजारा बना रही थी और इसके अंदर की वाक भी मस्त है (फोटो नीचे देखें)

जगह जगह शहर को साफ रखने की हिदायत और पानी की किल्लत के लिए लिखा हुआ है जैसे किसी खेल में रेपिड फायर राउन्ड होता है शायद लेंसडाउन का विज़िट इसी तरह कुछ था, लेकिन फिर वापस आने की आस के साथ हमने लेंसडाउन को विदा किया (फोटो नीचे देखे)।

चाँद के पास जो सितारा है वो सितारा हसीन लगता है – लेंसडाउन ( खूबसूरत बेपरवाह जोड़ी)

इसके बाद हम सीधे सिद्धबली हनुमान मंदिर पहुँच गए वहाँ प्रसाद वगैरह ले रहे थे तभी दुकानदार ने बताया कि आप जल्दी ऊपर चले जाएँ क्योंकि मंदिर 7.50 बजे बंद हो जायेगा। हम जल्दी से सीढ़ियाँ चढ़कर दर्शन के लिए पहुँच गए। शांत और भव्य दर्शन, बराबर में कलकल बहती कोह नदी। (फोटो नीचे देखें)।



वहाँ से आ गए हम  पेट पूजा के लिए टूरिस्ट रेस्टोरेंट, कोटद्वार – स्वादिष्ट , साफ सुथरा, लजीज – किसी ने डोसा – बिना प्याज मसाले के साथ, किसी ने पनीर परांठा, किसी ने छोले भटूरे, मिठाई, गोल गप्पे, अलग अलग फरमाइशें अलग अलग स्वाद, मस्त खाना।

इस खूबसूरत ट्रिप के लिए रवींद्र भैया (ड्राईवर ) का धन्यवाद किया, उसके बाद इस शानदार ट्रिप के क्यूरेटर बड़े भाई मदन लोहिया का शुक्रिया किया।

चलिए दोस्तो मैँ आपको फिर लेकर चलूँगा कुछ जानी पहचानी गलियों में, कुछ अनजानी गलियों में, कुछ घूमे हुये शहरों में , कुछ नए इलाकों में , कुछ अलग घुमक्कड़ी के साथ।   

तब तक के लिए अभिवादन । 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 





ताडोबा का शिकारी (Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve)

  ताडोबा का शिकारी ( Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve) इस बार परिवार में शादी समारोह के लिए नागपुर (महाराष्ट्र)...