Followers

Saturday, November 28, 2026

ताडोबा का शिकारी (Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve)

 

ताडोबा का शिकारी (Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve)



इस बार परिवार में शादी समारोह के लिए नागपुर (महाराष्ट्र) से निमंत्रण आ गया। गूगल पर प्लेस नियर नागपुर टू विज़िट देखा तो आसपास पेंच, ताडोबा की वाइल्ड सफारी, चंद्रपूर का किला और मंदिर पता चले। उसी के आधार पर मैंने शादी से पहले दो रात्रि के लिए ताडोबा (Tadoba Andhari Tiger Reserve) की सफारी बुक करा दी और उसके बाद आस पास के होम स्टे, होटल, रिसॉर्ट तलाश करने शुरू कर दिए और अवडले – सारस रिसॉर्ट, मोहर्ली {Avadale - Saras Resort, Mohrli (Maharashtra)} की बुकिंग करा दी (17 और 18 नवम्बर रात्रि के लिए)।

16 नवम्बर 2026 की हमनें (सपत्नीक) निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से बेंगलूर राजधानी से शाम 7.50 बजे नागपुर के लिए प्रस्थान कर दिया। चूंकि टिकट एसी फर्स्ट क्लास के थे तो केबिन में सीट मिली जहाँ रेलवे कर्मचारियों ने गुलाब का फूल देकर सबका स्वागत किया, खाना भी घर की तरह केसरोल से सर्व किया। लेकिन शौचालय के मामले में रेलवे में आज भी बहुत सुधार की गुंजाइश हैं।

17 नवम्बर 2026 को संबंधियों के घर पहुँचकर,हमने स्नान और दोपहर का भोजन करके टैक्सी को 2.00 बजे घर बुला लिया था। Mahakal Tour and Travels - Nagpur के रवि भैया समय पर आ गए और हम निकल पड़े एक अनजानी डगर पर नई उम्मीदों, नए उत्साह के साथ कुछ नया देखने और जानने के लिए। रास्ते में दूर दूर तक कहीं सूखे और कहीं हरे भरे खेत खलिहान, कहीं बिना खेती के छोटे बड़े पौधे। सूरज ढलने लगा तो बिजली के तारों पर तरह तरह की छोटी चिड़ियाँ और पक्षी, किसी सुंदर जंगल के आने की सुगबुगाहट देने लगे। सड़क खाली, साफ और सीधी मंजिल की ओर ले जाती हुई। एक बात नजर आई कि संध्या विश्राम पर चाहे कोयल, किंगफिशर, बुलबुल, कपोतक सभी अकेले बैठे हुये थे, किसी निर्विघ्न तपस्या में लीन। लगभग 2 - 2.5 घंटे के बाद गूगल के आधार पर रवि भैया ने टैक्सी को टेमबुड़ा (tembuda) से बाईं तरफ मोड़ दिया। अब सड़क थोड़ी पथरीली या कंकड़ों वाली, बीच बीच में दो बैलों वाली बैलगाड़ियाँ जिन पर पीछे लकड़ी की बजाय लोहे का जाल लगा हुआ सवारी और सामान के लिए। यह प्रगति की पहचान है या अनजाने में बेजूबानों पर जुल्म की दास्तां। खेतों में दोनों तरफ कपास (रुई) की खेती, बर्फ के छोटे छोटे गोले सी रुई बाहर आती हुई और अरहर की दाल के पौधों पर सरसों के पीले फूल जैसे फूल।

गूगल आसपास ताडोबा लेक, जीनौनी लेक, इरई डैम दिखा रहा था तो मैंने रवि भैया को इरई नदी और डैम पर चलने के लिए बोल दिया। थोड़ा आगे चले तो लोमड़ी खेतों से बाहर आती हुई दिखाई दी (फोटो नीचे देखें) जिससे माहौल और वातावरण जंगली बनता जा रहा था।

दिन ढलने लग रहा था और डैम पर 6.15 बजे से पहले पहुँचना मुमकिन नहीं था और गूगल रिसॉर्ट पर पहुँचने का बहुत समय दिखा रहा था परंतु रवि भैया मोहर्ली गेट पर कई बार आये हुए थे अतः निर्णय लिया गया कि पहले सीधा अवडले – सारस रिसॉर्ट चलते है। रास्ते में पहले कोंडेगांव पुलिस चौकी आती है जो इस क्षेत्र में ताडोबा वन क्षेत्र होने के कारण वन विभाग का चेक-पोस्ट (नाका) और पुलिस चौकी है। यह मोहर्ली से लगभग 6 किलोमीटर पहले है। शाम के लगभग 6 बज रहे थे, यहाँ पर हमने गाड़ी का नंबर नोट करवाया, सफारी और होटल की बुकिंग दिखाई, तभी उन्होंने दरवाजा खोला। यहीं पर चार पाँच फुट का सांप का बच्चा दिखाई दिया (फोटो नीचे देखें)। अब वन क्षेत्र का डरावना एहसास और रोमांच हो रहा था।

हम लगभग 6 बजे रिसॉर्ट पहुँच गए। यह रिसॉर्ट मोहर्ली गेट से लगभग 200 मीटर पहले और नितांत शांति में खूबसूरत बांस के पेड़ों, पाम के लंबे लंबे पेड़ों, हरे हरे घास के लॉन, पीछे हरे भरे खुले खेत और उनमें लहलहाती फसलों के बीच जंगल का सुखद एहसास करा रहा था ।  

 

हमने अपने शादी और बाहर घूमने के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए, शाम के लिए घर से पराँठे, आलू की सब्जी और करेले प्याज वाले लेकर चले थे, जिसे हमनें आराम से बैठकर स्वाद के साथ खाया। सुबह हमारी सफारी 6.30 बजे खुटवंडा गेट से थी जोकि हमारे रिसॉर्ट से लगभग 20-25 मिनट की दूरी पर था। रिसॉर्ट वालों ने बताया कि आप 6.00 बजे चले जाना , सफारी 6.30 से होगी परंतु ऑनलाइन 6.00 बजे का समय दिखा रहा था अतः हमने सुबह जल्दी प्रस्थान के लिए सोचा और अलार्म सुबह 4 बजे का लगाकर विश्राम के लिए चले गए। हमारा कमरा साफ सुथरा, बड़ा और सामान्य था। 

18 नवम्बर 2026

अगले दिन सुबह रवि भैया को फोन करके उठाया और हम लगभग 4.55 अंधेरे में निकल गए। मौसम में सुबह की ठंडक का तेज था, दिल में तमन्नाओं और  ख्वाहिशों का पिटारा लेकर हम चल पड़े जंगलों में । लगभग 10 मिनट चलते ही घुप्प अंधेरे में जंगल में चलते हुए रवि भैया ने ब्रेक लगा दिए, आगे देखा तो सब कुछ अविश्वनीय,रोमांचक और अकल्पनीय, एक साथ इतने एहसास। गाड़ी के आगे आगे टाइगर चल रहा था, अपनी धुन में, अपनी मस्ती में, बेपरवाह, बेखौफ, एक राजा की तरह, हम सब खुशी से पागल हो रहे थे और निवेदन कर रहे थे कि एक बार अपनी शक्ल अच्छे से दिखा दो, संभवतः यह बफर ज़ोन का टाइगर था (विडिओ नीचे देखें)। इतनी सुंदर शुरुआत के लिए ईश्वर का धन्यवाद दिया और लगा कि जिस उद्देश्य से तडोबा आए थे वो सफल हो गया। 


पुनः कोंडेगांव पुलिस चौकी को इतलाकर हम चल दिए खुटवंडा गेट की तरफ, गेट से पहले छोटा सा खुटवंडा गाँव, सुबह सुबह घर के बाहर गोबर से पोतते हुये, कुछ मंजन करते हुये  निवासी। सुबह हम काफी जल्दी पहुँच गए, अभी ऑफिस नहीं खुला था। थोड़ी देर में एकमात्र चाय की दुकान खुल गई जो उस समय की सबसे बड़ी जरूरत थी। मैंने उनसे पूछा कि आपको डर नहीं लगता क्या, वो बोले लगता है, पेट की मानवीय विवशता। सबने गरम गरम चाय पी और बिस्किट खाए। खुटवंडा गेट मोहर्ली गेट की तरह सजा धजा नहीं है, यहाँ पर होटल और रिसॉर्ट्स नहीं है, रवि भैया ने भी पूछा आपने मोहर्ली गेट का टिकट बुक क्यों नहीं किया, मोहर्ली गेट पुराना है और सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।


मैंने ऑफिस में जाकर अपने पुराने छोटे से सोनी साइबर शॉट (Sony Cyber Shot) कैमरा के लिए पूछा तो उन्होंने बताया कि यह आप अंदर ले जा सकते है परंतु मोबाईल नहीं ले जा सकते है।यह कैमरा काफी पुराना था और कई सालों से इस्तेमाल नहीं हुआ था, जिसके कारण अभी भी 2009 की तारीख और टाइम दिखा रहा था। थोड़ी देर बाद हमारी गाड़ी, ड्राइवर और महिला गाइड आ गए। उन्होंने प्रवेश से पहले सबके मोबाईल यानि ड्राइवर और गाइड के भी, एक हरी रंग की छोटी सी लोहे की पिटारी/बक्से में रखकर चाबी ऑफिस में जमा कर दी। गाइड ने पूछा की बड़ा कैमरा 1000 रुपये किराये में और बाईनोकुलर 300 रुपये किराये में मिल जाएंगे। हमने कुछ नहीं लिया और उन्होंने दो काँच की पानी की बोतल सफारी की तरफ से हमें तोहफे में दे दी।

हमने पूरी सफारी जीप की बुकिंग की थी जिसमें छह सदस्य अलाउड हैं जबकि हम केवल दो ही सवारी थे , हमने यहाँ काउन्टर पर पता किया कि क्या कोई सवारी हम ऐड कर सकते है तो उन्होंने मना कर दिया कि आप पहले ही ऑनलाइन कर सकते थे। हमारी गाड़ी प्रवेश के लिए काफिले में सबसे पहली थी। टिकट चेक कराकर हम अंदर चल दिए। गाइड ने बताया कि 1955 में ताडोबा उद्यान की स्थापना के समय इसका एरिया 116.55 वर्ग किलोमीटर था। अब ताडोबा अंधारी का मिलाकर कोर ज़ोन एरिया 625.82 वर्ग किलोमीटर और बफर ज़ोन एरिया 1101.77 वर्ग किलोमीटर है। इस कोर ज़ोन के 20% एरिया में ही सफारी अलाउड है। 

गाइड ने बताया कि जंगल में टाइगर की साइट के लिए या तो हिरण, बंदर, लंगूर की कॉल का इन्तजार करना होता है (कॉल यानि इन पशुओं की विशेष आवाज जो ये टाइगर के दिखने पर करते हैं) या फिर एक सफारी चालक या गाइड दर्शन होने पर दूसरे को बताते हैं। आगे चलने पर देखा तो दो तीन सफारी जीप रुकी हुई थी, हम भी रुक गए और अपनी दाहिनी तरफ देखा तो एक इंडियन गौर सामने मृत पड़ा था, जिसका वजन लगभग 500-600 किलो से ज्यादा ही होता है। संभवतः यह रात्रि के किसी पहर में की गई ताजा किलिंग (killing) थी परंतु टाइगर नजर नहीं आ रहा था, उसके आस पास चारों तरफ घास थी, लेकिन टाइगर का आस-पास होने निश्चिंत था। थोड़ी देर में टाइगर के शरीर की काली, संतरी विशेष धारियाँ दिखाई दी, अब तो उत्सुकता और चाहत दोनों बढ़ गयी। धीरे धीरे सफारी की गाड़ियाँ और क्रूज वहाँ पर जमा होने लग गए और भीड़ बढ़ गई। 

काफी देर बाद राजा जी ने लेटे लेटे कभी अपना चेहरा तो कभी अपनी टांग दिखाई, गाइड लोगों ने बताया कि यह मोगली है। वह गौर से लगभग 10 फुट आगे अपने शिकार की रक्षा के लिए लेटा हुआ था। अब मन मचलने लगा कि उसके ठीक से दर्शन हो जाए। परंतु हमारे बस में कुछ भी नहीं था क्योंकि यह जंगल था और वो राजा था। और थोड़ी देर के बाद कहीं से कौआ आया, शायद   


मृत शरीर की गंध ने उसे भी ललचाया। लेकिन मोगली को कहाँ गवारा था, अब वह उठ गया और सब ने उसके अच्छे से दीदार किए। जंगल के अपने कायदे कानून है - जिसकी लाठी उसकी भैंस। लेकिन कहीं न कहीं प्रकृति का यह भी नियम है - एक की बलि दूसरे की जिंदगी। 

कुछ समय बाद पता नहीं मोगली (Mowgli - Hunter of Tadoba) को क्या सुझा, चलते हुए वो लगभग 40/50 फुट दूर जा के बैठ गया। यह वो पल या लम्हा था जिसका सब को इंतजार था, सबने फोटो और विडिओ लिया। हमने पुराने साइबर शॉट कैमरा की वजह से ज्यादा दिल से दीदार किया और महसूस किया। जंगल पुलिस आ गई और उसने भीड़ को आगे जाने का निर्देश दिया। अमूल गाडगीलवार जी ने 18.11.2026 की सुबह के इन लम्हों को अपने कैमरे में विडिओ बनाकर कैद किया और अपने इंस्टाग्राम पर बहुत खूबसूरत तरीके से शेयर किया है। 

 (Amul Gadgilwar - Sighted Mowgli Male with Indian Gaur kill at Moharli Core today) 

इन दुर्लभ लम्हों को हम अपने मन और यादों में समेटे हुये चल पड़े, लेकिन अफसोस लगा कि ऐसी यात्राओं पर आपको बड़े कैमरे किराये पर ले लेने चाहिए या अच्छा कैमरा लेकर चलना चाहिए। 

ताडोबा का जंगल बहुत ज्यादा घना नहीं है अतः टाइगर साइट ज्यादा होती है। इसकी जानकारी हमें नहीं थी। लगभग 9 बजे के आसपास ड्राइवर ने सफारी जीप को रेस्ट एरिया में रोक दिया। जहाँ पर कोई दुकान या खाने पीने की व्यवस्था नहीं है, साफ वाशरूम हैं। हम लोग घर से पराँठे, अचार, ब्रेड, भुजिया के पैकेट, सब्जी लेकर चले थे, अच्छा हुआ जिसे सब ने मिलकर खाया। श्रीमती जी की फरमाइश पर गाइड ने चाय की व्यवस्था दूसरे साथियों से लेकर कर दी, यानि नाश्ता पूरा हो गया। 

इसके बाद हम जंगल यात्रा के आखिरी पड़ाव पर निकल गए। जंगल के अंदर ही खूबसूरत ताडोबा लेक है जहाँ हिरण, सांभर आदि चरते हुये नजर आ जाएंगे। रास्ते में तारु देवता के मंदिर के सफेद अवशेष भी है, गाँव के आदिवासी अब यहाँ से विस्थापित हैं। यह एक मिश्रित अनुभव एवं भाव है - हमारे बेजुबान साथियों के रहने, चरने की व्यवस्था के लिए हमारे बोलने वाले आदिवासी साथियों के रहने आदि की व्यवस्था दूसरी जगह की गई है। उनके इस त्याग को सलाम एवं प्रणाम है। 

रास्ते में दुर्लभ चिड़ियाएं और पक्षी, सांभर, लंगूर, मकानों (बंदर) की झलक आपको आराम से दिखाई देगी, स्लोथ बीयर (भालू) भी दिखाई दिया लेकिन स्वभाव के अनुसार अंदर भाग गया। जगह जगह हिरण के झुंड, बाइसन आपको मिलेंगे। बीच में अंधारी नदी की कलकल बहती हुई धारा आपको खुशी से भिगोती हुई चलेगी। अंत में हमने पंढरपानी के आसपास के एरिया में रोमा और दढ़ियल टाइगर के लिए खोजबीन करते हुए यात्रा का समापन किया। अपने मोबाईल वापिस लिए। 

शाम को चूंकि मोहर्ली गेट रिसॉर्ट से लगभग 200 मीटर दूरी पर ही था तो हम टहलते हुये वहाँ पहुँच गए जहाँ खरीदारी और खाने पीने के लिए दुकानें भी है और ताडोबा के दुर्लभ दृश्यों की गैलरी Shri Ratan Tata Nature Interpretation Centre भी हैं। वही पर हमने VR Headset लगाकर 6 मिनट की 360 डिग्री फिल्म देखी मजा आ गया, दिन भर की सारी यादें दोबारा जंगल में जाकर पूरी हो गई , 50 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट है, देखने लायक है। 

यह यात्रा अकल्पनीय और रोमांचक थी , यह जानकारी भी मिली कि किसी समय नागपुर सेंट्रल प्राविन्स (मध्य प्रांत) की राजधानी था।  ताडोबा में हाल ही के श्रेया घोषाल और सोहा अली खान के विडिओ देखने के बाद टाइगर साइट की बहुत इच्छा थी और वाकई यहाँ की टाइगर साइटिंग बहुत अच्छी हैं यहीं आकर पता चला। 

यात्रा अभी बाकी हैं दोस्तों, जुड़े रहिए, मैँ आपको लेकर चलूँगा कुछ जानी पहचानी सड़कों पर, कुछ अनजानी और नई गलियों मेंम नए शहरों में जहाँ आप अपने आप को भूल जाएंगे। 

तब तक के लिए अभिवादन। 



 








 

 

 

Wednesday, November 4, 2026

डीडवाना की गुरुजी गली (राजस्थान)


                                               डीडवाना की गुरुजी गली (राजस्थान)

31.08.2026 की रात 11 बजे सराय रोहिल्ला दिल्ली से चली मेरी ट्रेन अपने निर्धारित समय अगले दिन सुबह लगभग 6 बजे (01 सितंबर 2026) डीडवाना रेलवे स्टेशन पहुँच गई, स्टेशन पर बड़े मामाजी का बेटा राजेश मुझे लेने आ गया था। लगभग पचास वर्षों बाद दिखे डीडवाना के रेलवे स्टेशन का पूरा कायाकल्प हो रहा था शानदार तरीके से। (फोटो नीचे देखें)

उसके स्कूटर पर सवार हो कर हम चल पड़े नानी की गली यानि गुरुजी गली। स्मृतियाँ मुझे पचास साल पहले के गलियारे में ले गई – बचपन में सुजानगढ़ में, गर्मी की छुट्टियों के लिए हॉलिडे डेस्टिनेशन - नानी का घर ही होता था। सुजानगढ़ से बस के द्वारा ही डीडवाना जाते थे और वहाँ से घोडा गाड़ी ही एक जरिया था नानी के घर यानि गुरुजी गली पहुँचने का । गली की शुरुआत में एक बड़ा लकड़ी का दरवाजा था – जो शायद कभी सुरक्षा के लिए बंद होता था, गली में घुसते ही दाहिनी तरफ एक घर की बालकोनी में लटके एक पिंजरे में मिट्ठू रहता था जो आने जाने वालों को राम राम बोलता था। जो गली कच्ची बालू रेत की होती थी वो अब पक्की सड़क बन गई है , गली में घुसते ही मेरा अतीत मेरी आँखों के सामने पिक्चर की तरह चल पड़ा (गली का फोटो नीचे देखें), हवा की खुशबू, ताजगी और शांति ने मेरे शरीर में एक सिहरन पैदा कर दी।

बड़े मामाजी का स्वर्गवास एक साल पहले बरहमपुर (उड़ीसा) में उनके बेटे के घर हुआ था अतः उनके बड़े बेटे – ललित जाजू ने डीडवाना में प्रथम पुण्यतिथि यानि बरसी (महाभोज) के आयोजन डीडवाना में करने का निर्णय लिया जिसके लिए मैँ वहाँ पहुंचा था। गली में घुसने के बाद टी पॉइंट पर ठीक सामने बड़े मामा जी का घर, राजेश ने स्कूटर वहाँ पर रोक दिया। पचास साल पहले वो गली का दो मंजिला नवनिर्मित और खूबसूरत घर होता था, पूरे घर में मार्बल दाने का फर्श , कमरों और लकड़ी की अलमारियों पर चटख रंग, हर फ्लोर पर गुसलखाने, घर के अंदर से ही ऊपरी मंजिल का जीना । उस घर में एक तलघर भी हैं जिसका दरवाजा सड़क पर हैं । थोड़ी सी सीढ़ियाँ चढ़कर मैँ मामी जी से मिला। दुख दर्द के साथ साथ हम यादों के सफर पर निकल गए, मैंने उन्हें याद दिलाया कि सुबह शाम उनके घर के बाहर हम सभी बच्चे पानी की बाल्टियाँ भर भरकर गुसलखानों में और नानी के घर में रखते थे। मामीजी ने बताया अभी भी पानी 3-4 दिनों में एक बार आता है – विकसित भारत की तरफ हमारे बढ़ते कदम । (बड़े मामाजी के घर का फोटो नीचे देखें)। 

गली के टी पॉइंट से बाईं तरफ मुड़ कर, थोड़ा चल कर, दाई तरफ हमारी नानी का घर था। दो घर एक साथ बने हुये थे जिसमें पहला घर माँ के ताऊजी का था जिसके सामने और दाहिनी तरफ सड़क थी और बराबर में नानी का घर, जिसके केवल सामने सड़क थी। मुझे याद है - घर दो मंजिला था और अंदर लाल पत्थर की सलेब्स (पट्टियाँ) से छत बनी हुई थी जो लकड़ी की कड़ियों पर टिकी थी । घर में कोई शौचालय नहीं था। घर के प्रवेश द्वार से पहले , एक गुसलखाना शुरुआत में था । घर में घुसते ही बाई तरफ एक ओपन किचन थी जिसमे नानी नीचे बैठकर चूल्हा जलाती थी और हमें गरम रोटियाँ खिलाती थी । उसके बराबर में एक छोटा सा स्टोर केवल बर्तनों के लिए था। पहली मंजिल में कमरों के अलावा सामने की तरफ एक राजस्थानी जालीदार पत्थर और उसके बीच में एक झरोखा था संभवतः यह हवा के लिए बनवाया गया होगा। गली में जैसे ही घुसकर देखा तो दोनों घरों के केवल अवशेष थे, माँ के ताऊजी का घर का हरा दरवाजा अभी भी अपनी मौजूदगी को बता रहा है और बराबर में नानी के  ढहाए हुए घर में एक नीम का पेड़ उग आया है और सामने ईंटों की दीवार बना दी गई है (फोटो नीचे देखे)। मोहन जोदड़ों और हड़प्पा की संस्कृति के बारे में पढ़ा था, हमारे पूर्वजों का अतीत, एक सभ्यता और एक समाज का यथार्थ, शायद पीढ़ी दर पीढ़ी और सदी दर सदी , परत दर परत ऐसे ही कुछ अतीत बन जाता होगा। 

                               यह गलियाँ यह चौबारे – यादों के अवशेष


श्री गोवर्धन लाल जोशी जी की ललित कला अकादेमी द्वारा प्रकाशित किताब देखते हुये हाथ इस तस्वीर (उपरोक्त) पर आकर अचानक रुक गया – चित्रकार ने गली को मोड़ देकर बाईं तरफ दो चबूतरे वाले घर बना दिए और बिल्कुल नानी के घर के ऊपर प्रथम मंजिल वाले झरोखे जैसी खिड़कियाँ – अविश्वनीय – बिल्कुल सजीव चित्रण ।

नानी के घर के पीछे गली में एक सामूहिक शौचालय (लंबा नोहरा) था, जिसमें एक दरवाजा भी था, सीढ़ियाँ और दीवारें लाल और काले पत्थरों की, कमोबेश वो एक सार्वजनिक शौचालय था क्योंकि वो कुछ घरों के लिए निर्मित था। संडास के लिए घर से ही लौटे मे पानी लेकर जाना होता था और वापस आकर बालू रेत से ही हाथ धोते थे।

मामी के यहाँ से आवाज लग गई कि चाय तैयार हो गई है आ जाओ। मैंने मामी जी को याद दिलाया उनके हाथ की प्याज की सब्जी, खा कर क्या मजा आता था, क्योंकि सुजानगढ़ और नानी के घर में प्याज प्रतिबंधित था। मामी जी हमेशा विशेष तौर पर कचोरी और मिर्ची पकोड़े जरूर मँगवा कर खिलाती थी। हम निकल गए माहेश्वरी भवन के लिए जो बाजार में है और जहाँ हमारे विश्राम की व्यवस्था थी। गलियां चलते चलते, स्मृतियाँ ,मुझे 50 साल पहले के दौर में खींच ले जाती थी, रास्ते में एक घर को देखकर मुझे लगा कि दरवाजों की नक्काशियाँ और पहली मंजिल की दुछत्तियाँ और झरोखेँ शायद कुछ ऐसे ही थे नानी के घर में भी (फोटो नीचे देखे)। 

नहा धोकर नीचे उतरा तो देखा बाईं तरफ उदा जी की प्रसिद्ध हरी मिर्ची के पकोड़े, कचौरी, समोसे और नमकीन की दुकान है, पूरा बचपन सामने आ गया, मामी जी इसी तरह के खान पान से स्वागत करती थी मौसम, पानी, जलवायु की वजह से आज भी इन चीजों का वहाँ का स्वाद अलग हैं (फोटो नीचे देखे)।


दोपहर के खाने में पारंपरिक पत्ता गोभी की टमाटर डली सब्जी, मूंग डाल की कचोरियाँ खा कर कुछ यादें ताजा हो गई। गली से लगा हुआ आनंद भवन है जो एक ऐतिहासिक और प्राचीन भवन है कहते हैं कि किसी जमाने में डीडवाना अपनी विशाल नमक की झील के कारण एक बड़ा व्यवसायिक केंद्र था और अंग्रेज नमक की कालाबाजारी रोकने के लिए यहाँ पर अदालत लगाते थे। बाद में भी इसी आनंद भवन में कचहरी और वकीलों के बैठने का कार्य होता था।

लेकिन हमें बचपन से यह जगह (आनंद भवन) शादी ब्याह के बड़े आयोजनों और भोज के कारण ही याद है और याद है कि कैसे पंगत में सैंकड़ों लोगों को नीचे बैठाकर खाना खिलाया जाता था और हम भी पुरस्कारी (खाना खिलाना) करते थे। हम वहाँ चल दिए क्योंकि अगले दिन के लिए नमकीन, मिठाइयाँ वहीं पर तैयार हो रही थी। भवन के विशाल दरवाजों में प्रवेश करते ही अतीत के पन्ने खुल गए (फोटो नीचे देखें)। पुराने जमाने में भी शादी के लिए तैयार होने वाले पकवानों, मिट्ठाईयों आदि की जिम्मेदारी एक ग्रुप को दे दी जाती थी। आनंद भवन में जाकर ऐसा ही माहौल देखने को मिला, धीरे धीरे खत्म और लुप्त होती हुई परम्पराएं, समाज का मेलजोल, आपसी सहभागिता – मेलमिलाप।


शाम को भजन संध्या (सुंदर कांड के साथ) का कार्यक्रम निर्धारित था और जिसके लिए बड़े मामा जी के घर के बराबर में ही गली में साफ सफाई करवाकर व्यवस्था की गई थी, तब तक पास के ही कस्बे – कूचामन सिटी में रहने वाली मासीजी के बेटे – महेश भैया और भाभी भी आ गए थे। महेश भैया ने बताया कि बचपन में जैसे ही आखिरी सालाना परीक्षा का पेपर खत्म होता था सीधे वो बस में बैठकर कूचामन से डीडवाना आ जाते थे। ननिहाल में दोनों मामाजी के बच्चे,  दूसरी मौसियों के बच्चे भी छुट्टियों मे आ जाते थे। उधर माँ के पड़ोस के मकान में उनके ताऊजी के बेटों के सारे बच्चे भी छुट्टियों में आ जाते थे। गली में अच्छा खासा उत्सव का माहौल और चारों ओर चहल पहल , धमाचौकड़ी हो जाती थी। तपती दोपहरी में कोई बच्चा सोने के लिए तैयार नहीं होता था। कहीं पर ताश की मंडलियाँ जम रही हैं और कहीं लंबी गप्पों के सिलसिले, तो कहीं तकियों से लड़ाइयाँ जो किसी बड़े के आने से ही रुकता था, ट्रेन में जाने वाले यात्रियों को पानी पिलाने के लिए जाना।

रात के खाने में मूंग दाल का हलवा, मूंग दाल की कचौरियाँ, पूरी आलू की सब्जी – अलग ही स्वाद। भजन मंडली सुजानगढ़ से आई थी अतः उनको भी भोजन करवाया गया। रात के लगभग नौ बजे सुंदर कांड को शुरू करने की तैयारी हो गई । तभी अचानक बिजली चली गई और किसी जनरेटर आदि की व्यवस्था नही थी। घुप्प अँधेरें में मेरी नजरें आसमान की तरफ चली गई, तारों भरी रात देख कर एक तरफ दिल खुश हो गया और दूसरी तरफ दिल चला गया – अतीत में- छुट्टियों में – नानी के घर जब भयंकर जून की गर्मियों में सोने के लिए हमें छत पर जाकर शाम को बिस्तर लगाने होते थे और पानी का छिड़काव करना होता था , बराबर वाले घर के छत की दीवार 3 फुट के लगभग होगी जिसे सारे बच्चे पूरी रात आर पार करते रहते थे। थक हारकर जब बिस्तर पर लेटते थे तो पूरी आकाश गंगा आसमान में दिखाई देती थी। 50 सालों बाद हमारे साथ साथ आसमान ने भी अपने आपको बदल लिया और मानव स्वभाव को देखते हुए उसने कुछ तारें अपनी गोद में छुपा लिए हैं। सुंदर कांड का सामूहिक गान और उसके बाद अलग अलग भजन, अलौकिक और श्रद्धांजलि पूर्वक था ।

रात्रि विश्राम माहेश्वरी भवन में करने के बाद मैँ सुबह पैदल घूमता हुआ मामी जी के पास आ गया। देखा कलकत्ता वाली मौसी जी के एक बेटे – बाबूलाल भैया और भाभी सुबह की ट्रेन से आ गए हैं। चाय पानी के बाद उनको लेकर माहेश्वरी भवन आ गए। स्नान करके हम लोग पहुँच गए झालरिया मंदिर – जो अपनी दक्षिण शैली की बनावट के लिए मशहूर है। बचपन में, माँ सुबह सुबह झालरिया मंदिर दर्शन के लिए जाती थी उस समय मंदिर का लोभ केवल प्रसाद खाने में था। कहते है कि यह मंदिर लगभग 1000 साल पुराना है जहाँ राम, सीता माता और लक्ष्मण जी की मूर्तियाँ विराजमान हैं और माँ सीता राम जी के दायें भाग में है जबकि वो बाएं भाग होती है। पंडित जी ने बताया कि लगभग 100 साल पहले मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया था।

 




कहते है कि डीडवाना का प्राचीन नाम आभानगरी और उपकाशी था, तथा यह जगह हिन्दू और मुस्लिम समाज की आस्था का केंद्र रहा हैं। शहर में एक और नागौरी मंदिर भी है जो कई नागोरिया मठ की देन है और राम, सीता और लक्ष्मण जी का प्राचीन मंदिर है। लेकिन बचपन में यह सब बातें हमें कुछ पता नहीं थी।

मुझे याद है कि मेरे से भी ज्यादा यह गली मेरे बड़े भाई (मदन मोहन लोहिया) का पसंदीदा जमावड़ा या धमाचौकड़ी की जगह थी। वो बताते है कि मामा जी पहले ही सुजानगढ़ आ कर हमारे दादा दादी जी से, हमें छुट्टियों में डिडवाना भेजने के लिए, बात कर जाते थे। हम परीक्षाएँ खत्म होते ही बस में बैठकर रवाना हो जाते थे, मामाजी हमें रिसीव कर लेते थे, तांगा एकमात्र साधन था बस अड्डे से गली में जाने का, पहुंचते ही नानी की सफाई के मद्देनजर हमें घर में घुसने से पहले ही नहाना पड़ता था, बिना नहाए पीने के पानी को छूने की मनाही थी । गली में उनके हम उम्र मामा लोगों के बेटे – ओम, अनिल, सुनील, ललित और गली के और लड़के, धमाचौकड़ी मचाने के लिए हुजूम था। गर्मी की दोपहरी में ताश और कंचे खेलना उनके पसंदीदा खेल थे,  बड़े भाई की ओम भैया के साथ जोड़ी होती थी और वो जीतने के लिए बेइमानियाँ, पत्ते चुराना, दिखाना किसी भी चीज से कोई परहेज नहीं करते थे, लेकिन हाँ कभी कभी अनिल सुनील की जोड़ी को भी जितवा देते थे ताकि वो खेलना न छोड़ दे। शर्त लगती थी – राजहंस या  प्रजापति की दुकान की कचोरी या समोसा खाने की । कच्ची गली में कंचे खेलना और मामी जी की अलमारियों से गुलकंद चुराना उस समय का एक एडवेंचर था, भाई बताते है कि लेकिन जब गल्ती से चुराया हुआ गुलकंद एक दिन पेंट की जेब में रह गया और मामी ने कपड़े धुलाई के समय उसे देखा तो पोल खुल गई तो जो हजामत बनी, उन्हें याद है।

सुबह गौशाला से पर्ची फाड़कर ले जाना और दूध लाना, आयुर्वेदिक औषधालय के चक्कर लगाना, ठेले वाले से बर्फ के ऊपर रखे टमाटर नमक काली मिर्च के साथ खाना, गरम रोटी खाने के चक्कर में रूखे फुलके खाना – ये उनकी फुरसत के यादगार लम्हे थे। शाम को गली की चुटकुलों की महफ़िल सजती थी और उनसे (बड़े भाई) विशेष फरमाइश होती थी , वो कहते है कि भरी गर्मी में तपती छतों पर सोना आज के एयरकंडिशनर कमरों से भी ज्यादा सकुन भरा क्यों था, शायद वो जमाना भौतिक आराम से ज्यादा मन के आराम और शांति में कहीं तल्लीन था, आज बच्चों का बचपन कहीं और चला गया है। तब गली में ना रेडियो था, ना टेलीफोन , ना मोबाईल, ना टेलीविजन फिर भी इतनी मस्ती। भैया बताते है कि शायद उसी समय किसी के घर में टी वी आया था, पता चला कि उसमें पीछे से बैठकर कोई आदमी बोलता है । आज यह सब एक सपना सा लगता है , या यूँ कहे कि सारा सुकून, तसल्ली, सब्र , सब पीछे छूट गया है ।

बचपन में, शाम को घूमने के लिए शिवबाड़ी मंदिर (लगभग 2 किलोमीटर) था, वहाँ तक पैदल जाना और प्रसाद लेकर आना, एक परंपरा थी – मिलजुलकर मटरगश्ती करने की । शाम को हम सब आनंद भवन पहुँच गए, मेहमानों के स्वागत के लिए, दरियाँ बिछा दी गई और साथ में कुर्सियाँ और टेबल भी। (फोटो नीचे देखे)।


मिठाइयों में गुलाबजामुन, मोती पाक, काजू की कतलियाँ, मलाई घेवर नमकीन में कचोरी, भुजिया, पूरी, सब्जी में मलाई कोफ़्ता, दम-आलू, दही बड़े आदि बनवाए गए थे। नीचे बिठाकर मेहमानों को जिमण (खाना) खिलाकर बचपन की याद आ गई – पुराने जमाने में पहले केवल मिठाई और नमकीन परोसा जाता था, उसके कहीं बाद पूरी सब्जी । शायद यह शास्त्रों के हिसाब से भी था कि भोजन में पहले मिठाई। मुझे लगा कि यह परम्पराएं कब तक बची रहेगी यह एक यक्ष प्रश्न है, भोजन के साथ यह एकजुटता की एक मिसाल है, एक दूसरे के सुख दुख साँझा करने का मौका है। मैँ भी रात का अपना पसंदीदा खाना खाकर प्रसन्नचित  हो गया। जाने का मन नहीं था परंतु विवशता थी मुझे मेरे ममेरे भाई के बेटे ने स्कूटी पर ट्रेन के लिए डीडवाना के रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया, दिल्ली आने के लिए, अपने अतीत और वर्तमान को मन और दिल मे सँजोये हुए , मैँ चल दिया ।

इतनी तमाम बातों के बावजूद भी गर्मियों मे नानी के यहाँ जाने की इच्छा रहती थी और आज तमाम सुविधाओं के बावजूद बच्चे कहीं जाने को तैयार नहीं होते हैं।

चलिए दोस्तों मैँ आपको फिर लेकर चलूँगा कुछ जानी पहचानी गलियों में, कुछ अनजानी गलियों में, कुछ घूमे हुये शहरों में , कुछ नए इलाकों में , कुछ अलग घुमक्कड़ी के साथ ।  

तब तक के लिए अभिवादन । 

 

ताडोबा का शिकारी (Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve)

  ताडोबा का शिकारी ( Hunter of Tadoba – Secrets of Tadoba Andhari Tiger Reserve) इस बार परिवार में शादी समारोह के लिए नागपुर (महाराष्ट्र)...